जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी में तीन दिवसीय ज्वेलर्स एसोसिएशन शो (JAS-2026) का समापन होगा। शो में भारत, दुबई समेत कई देशों के जेम्स एंड ज्वेलरी उद्योग से जुड़े कारोबारी, उद्योगपति और विशेषज्ञ शामिल हुए।
इस दौरान ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर और दुबई ज्वेलरी ग्रुप के बीच व्यापारिक सहयोग को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। आयोजकों का कहना है कि इससे जयपुर के रत्न एवं आभूषण कारोबार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान और नए अवसर मिलेंगे।
ज्वेलर्स एसोसिएशन जयपुर के अध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला ने कहा कि यह शो केवल व्यापारिक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि जयपुर के जेम्स एंड ज्वेलरी उद्योग को दुनिया के प्रमुख बाजारों से जोड़ने का मंच है।
समारोह में मुख्य अतिथियों ने भारतीय ज्वैलरी उद्योग के लिए वैश्विक ब्रांड विकसित करने, निर्यात बढ़ाने और दुबई के माध्यम से नए बाजारों तक पहुंच बनाने पर जोर दिया। साथ ही बताया गया कि इस बार शो में देशभर के कारोबारियों के साथ बड़ी संख्या में विदेशी खरीदार भी भाग ले रहे हैं।
351 स्टॉल पर सजा रत्न और आभूषणों का बाजार

आयोजकों के अनुसार, इस बार ज्वेलर्स एसोसिएशन शो में कुल 351 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें 201 जेमस्टोन, 149 ज्वैलरी और एलाइड सेक्टर के स्टॉल शामिल हैं। देशभर के 2 हजार से अधिक ट्रेड बायर्स और 1 हजार से ज्यादा होस्टेड बायर्स ने पंजीकरण कराया है।
इसके अलावा कई देशों से खरीदार और प्रवासी भारतीय भी शो में पहुंचे हैं। आयोजकों का दावा है कि पिछले साल की तुलना में इस बार प्रदर्शनी का आकार और भागीदारी दोनों बढ़ी हैं, जिससे जयपुर के रत्न एवं आभूषण उद्योग को वैश्विक स्तर पर नया मंच मिलेगा।