कम ख़र्च, आसान ई-वीज़ा, भारत से सीधी उड़ानें और समुद्र तटों से लेकर ऐतिहासिक शहरों तक फैले पर्यटन स्थलों ने बड़ी संख्या में भारतीयों को अपनी ओर आकर्षित किया है.
सरकारी आँकड़ों के अनुसार, 2019 की तुलना में 2024 तक वियतनाम जाने वाले भारतीय यात्रियों की संख्या चार गुना से अधिक बढ़ गई, जिससे यह भारतीयों के पसंदीदा विदेशी पर्यटन स्थलों में शामिल हो गया है.
वियतनाम दक्षिण-पूर्व एशिया का एक देश है. एक ओर इसका लंबा समुद्री तट है, तो दूसरी ओर घने जंगल हैं. लगभग 10 करोड़ की आबादी वाला यह देश करीब 3.32 लाख वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है. क्षेत्रफ़ल के हिसाब से यह राजस्थान (3.42 लाख वर्ग किलोमीटर) से भी छोटा है.
वियतनाम के समुद्र तट इसकी सबसे बड़े आकर्षणों में शामिल हैं. देश के कई हिस्सों में हरियाली नज़र आती है. यहां कई पर्यटन स्थल हैं, इनमें हनोई, हो ची मिन्ह सिटी और दा नांग प्रमुख पर्यटन केंद्र माने जाते हैं.
पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोग कहते हैं कि इस देश में भारतीय पर्यटकों की संख्या बढ़ने के पीछे कई वजहें हैं.
हैदराबाद स्थित इमाद ट्रैवल्स के निदेशक हामिद अली ने बीबीसी से कहा, “भारतीय नई जगहों पर जाना पसंद करते हैं, वियतनाम बहुत कम ख़र्च वाला पर्यटन स्थल बन गया है.”
