वाशिंगटन: अमेरिका ने भारत समेत 60 व्यापारिक साझेदार देशों पर नया टैरिफ लागू कर दिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने ट्रेड एक्ट-1974 की धारा 301 के तहत उत्पादन में बंधुआ मजदूरी के इस्तेमाल पर यह कदम उठाया है। भारत से आयात होने वाले सामान पर 10% टैरिफ लगाया गया है, जबकि कुल 60 देशों पर 10 से 12.5% तक अतिरिक्त शुल्क लगाया गया है। अमेरिका ने आरोप लगाया है कि इन देशों से आने वाले कुछ उत्पादों के निर्माण में जबरन मजदूरी (फोर्ड लेबर) का इस्तेमाल किया गया है। नए नियमों के तहत 17 देशों पर 10% और 43 देशों पर 12.5% टैरिफ लगाया गया है। यह फैसला उस समय लागू हुआ है, जब ट्रंप प्रशासन का 15% अस्थायी ग्लोबल टैरिफ समाप्त हो रहा था। पुराने शुल्क की अवधि खत्म होते ही नए टैरिफ को लागू कर दिया गया। ये नए टैरिफ शुक्रवार रात 12 बजे से लागू हो गए हैं।
भारत पर असर
10% टैरिफ से उन सेक्टरों पर ज्यादा असर पड़ सकता है, जिनकी अमेरिकी बाजार पर निर्भरता अधिक है। इनमें टेक्सटाइल और गारमेंट्स, जेम्स एंड ज्वेलरी, लेदर उत्पाद, कृषि एवं फूड प्रोडक्ट्स, केमिकल्स और कुछ मैन्युफैक्चरिंग आइटम शामिल हैं।
भारत 10% टैरिफ की कैटेगरी में
भारत, ब्रिटेन, कनाडा, मैक्सिको, बांग्लादेश, पाकिस्तान, मलेशिया, इंडोनेशिया, कंबोडिया, श्रीलंका, जॉर्डन, अर्जेंटीना, इक्वाडोर, अल साल्वाडोर, ग्वाटेमाला, होंडुरास और त्रिनिदाद और टोबैगो को 10% वाले समूह में रखा गया है। वहीं यूरोपियन यूनियन, जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान और स्विट्जरलैंड सहित 43 देशों के कुछ उत्पादों पर भी 12.5% टैरिफ लगाया है।