विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 20 जुलाई के छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित पेललेट गन के इस्तेमाल के मामले में छात्रों को न्याय दिलाने की मांग उठाई है.
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 20 जुलाई के छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित पेललेट गन के इस्तेमाल के मामले को लेकर केंद्र और संबंधित एजेंसियों पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की और कहा कि पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एक स्वतंत्र हाई पावर कमेटी से जांच कराई जानी चाहिए. राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रदर्शन के दौरान घायल हुए शेख इरशाद मंसूरी की मेडिको-लीगल केस (MLC) रिपोर्ट सामने आई है.
राहुल गांधी ने क्या कहा?
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा,”छात्रों को न्याय मिलना चाहिए और उनके खिलाफ हुई कथित बर्बरता की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में एक स्वतंत्र हाई पावर कमेटी का गठन किया जाना चाहिए.”
20 जुलाई के प्रदर्शन के दौरान कथित पेललेट गन के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे 25 वर्षीय शेख इरशाद मंसूरी की मेडिको-लीगल केस (MLC) रिपोर्ट में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, सर्जरी के दौरान उनके सिर, गर्दन, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों से कई धातु के कण (Metallic Foreign Bodies) निकाले गए.
