भोगपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट आंध्र प्रदेश का 7वां एयरपोर्ट है। इस नए इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 17 अगस्त को फ्लाइट ऑपरेशन्स की शुरुआत होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले के भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का दिन आंध्र प्रदेश के विकास के लिए, स्वर्ण आंध्र के विजन के लिए, यह बहुत अहम है। मुझे आज बहुत शुभ अवसर पर एक शुभ मास में उत्तर आंध्र की इस पवित्र भूमि पर आने का सौभाग्य मिला है।
उन्होंने कहा कि आज यहां करीब 18000 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शुभांरभ, लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। एयरपोर्ट के साथ-साथ यह परियोजनाएं आंध्र की रोड कनेक्टिविटी से भी जुड़े हैं। इनमें ऊर्जा सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाएं भी हैं। यह विकास कार्य इस बात के प्रतीक हैं कि इस समय आंध्र किस रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।
यह चंद्रबाबू नायडू की विशेषता है कि उन्होंने दो क्षितिजों को छुआ है- पीएम मोदी
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह चंद्रबाबू नायडू की विशेषता है कि उन्होंने दो क्षितिजों को छुआ है। एक तरफ ऊंचे आसमान को छूने वाली व्यवस्था यानी एयरपोर्ट का निर्माण और दूसरी तरफ यहां की आदिवासी बहनों द्वारा धिमसा नृत्य का विश्व रिकॉर्ड बनाना। मैं चंद्रबाबू के इस विजन की सराहना करता हूं। मोदी ने कहा कि यह एयरपोर्ट आंध्र और उत्तर आंध्र की ग्रोथ का रनवे है। यह आंध्र के युवाओं के बेहतर भविष्य का लांच पैड है। मैं आंध्र प्रदेश के लोगों को बहुत बधाई देता हूं।
‘पहले जब एयरपोर्ट बनते थे, तो एयरपोर्ट के नाम एक ही परिवार के नाम पर चढ़ जाते थे’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पहले जब एयरपोर्ट बनते थे, तो एयरपोर्ट के नाम एक ही परिवार के नाम पर चढ़ जाते थे। हमने इस परंपरा को बदला। हमने अयोध्या में एयरपोर्ट का नाम वाल्मीकि के नाम से जोड़ा। हमने पंजाब में संत रविदास जी के नाम से एयरपोर्ट का नाम जोड़ा और केंद्र की NDA सरकार ने ये निर्णय किया है कि इस नए एयरपोर्ट का नाम श्री अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर होगा।
उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश के एविएशन सेक्टर ने असाधारण प्रगति की है। 2014 तक देश में केवल 74 एयरपोर्ट ऑपरेशनल थे, आज ये संख्या 166 है। एक समय था, जब हवाई उड़ाने सिर्फ बड़े शहरों तक ही सीमित थी, NDA सरकार में आज छोटे शहर के साधारण लोग भी फ्लाइट से आ-जा रहे हैं।
आंध्र प्रदेश का मिला 7वां एयरपोर्ट
भोगपुरम इंटरनेशनल एयरपोर्ट आंध्र प्रदेश का 7वां एयरपोर्ट है। इस नए इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 17 अगस्त को फ्लाइट ऑपरेशन्स की शुरुआत होगी। इस एयरपोर्ट की कुल लागत करीब 5,000 करोड़ रुपये है। जिसके बारे में राज्य सरकार का कहना है कि यह उत्तरी आंध्र को एक प्रमुख आर्थिक और औद्योगिक केंद्र में बदल देगी।
इससे पहले प्रधानमंत्री का भव्य में स्वागत किया गया। जिसमें लगभग 13,500 आदिवासी महिलाओं ने पारंपरिक धिमसा नृत्य प्रस्तुत किया। हवाई अड्डे के परिसर को आंध्र प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली प्रदर्शनियों से सजाया गया था, जिनमें एतिकोप्पका कलाकृति और राज्य की भौगोलिक पहचान को दर्शाने वाले रूपांकन शामिल थे।
प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू ने किया। बाद में उन्होंने धिमसा नृत्य का प्रदर्शन देखा और फिर औपचारिक रूप से हवाई अड्डे का उद्घाटन किया।
हवाई अड्डे का नाम स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखा गया
जीएमआर ग्रुप द्वारा विकसित इस हवाई अड्डे का नाम स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखा गया है। पहले चरण में इसकी क्षमता प्रति वर्ष 60 लाख यात्रियों की होगी और दीर्घकालिक विस्तार योजना के तहत इसकी क्षमता को बढ़ाकर प्रति वर्ष 400 लाख यात्रियों तक करने का लक्ष्य है। वाणिज्यिक उड़ानें 17 अगस्त से शुरू होने वाली हैं।
आंध्र प्रदेश सरकार ने इस हवाई अड्डे को औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, निर्यात, कौशल विकास और उत्तरी आंध्र प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी के रूप में प्रस्तुत किया है।
एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी को पारंपरिक शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस यात्रा के दौरान, नायडू और केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने प्रधानमंत्री को हवाई अड्डे की विशेषताओं और भविष्य की विकास योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। इसी बीच, प्रधानमंत्री दोपहर 3:30 बजे कर्नाटक के मैसूरु स्थित श्री रामकृष्ण आश्रम में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र विवेक स्मारक का उद्घाटन करेंगे।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, “भोगपुरम में अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करते हुए बहुत खुशी हो रही है। यह एक अहम प्रोजेक्ट है जो कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा और आंध्र प्रदेश की तरक्की को तेज़ी देगा।”
मोदी ने आगे लिखा कि यह एयरपोर्ट बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक टेक्नोलॉजी को एक साथ लाता है ताकि यात्रा का अनुभव शानदार हो। इससे टूरिज़्म, व्यापार, निवेश और रोज़गार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। टर्मिनल बिल्डिंग आंध्र प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शाती है। महान अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर बना यह एयरपोर्ट हमारी विरासत पर गर्व और भविष्य के प्रति उम्मीद की भावना का प्रतीक है।
