इंडोनेशिया की सर्च और रेस्क्यू एजेंसी ने एक बयान में कहा कि रविवार को इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास एक फेरी में आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 41 लोग अभी भी लापता हैं।
जकार्ता: इंडोनेशिया के एक द्वीप के पास रविवार को बड़ा हादसा हुआ है। एक फेरी (नौका) में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई और 41 लापता हैं। इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास इस फेरी में आग लगी, जिसमें 271 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। स्थानीय अफसरों ने मरने वालों की संख्या और बढ़ने का अंदेशा जताया है।
इंडोनेशिया की सर्च और रेस्क्यू एजेंसी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मदुरा द्वीप के पास एक फेरी में आग लगने के बाद 271 यात्री और क्रू मेंबर में से 225 को बचा लिया गया है। एजेंसी ने बताया कि सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। लापता हुए लोगों की तलाश के लिए कोशिश की जा रही है।
आग लगने की वजह साफ नहीं
आग लगने से हादसे का शिकार हुई यह फेरी पूर्वी जावा प्रांत के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर शहर जा रही थी। बयान में कहा गया है कि यह साफ नहीं है कि फेरी में आग कैसे लगी। रविवार सुबह घटना के बाद इसके कारणों की जांच की जा रही है। मदुरा द्वीप जावा के उत्तर-पूर्वी तट के पास स्थित है।
नेशनल सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी बासारनास के अनुसार, जहाज के कैप्टन ने आग लगने की सूचना दी। यह घटना मदुरा द्वीप के पास तब हुई जब जहाज पूर्वी जावा के दूसरे सबसे बड़े शहर सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासर जा रहा था। इंडोनेशिया के स्थानीय समाचार चैनल ने बताया है कि बड़ी संख्या में लोगों को लाइफबोट से बचाया गया है।
वियतनाम के बाद दूसरा बड़ा हादसा
इसी महीने, 11 जुलाई को दक्षिणी वियतनाम में फु क्वोक द्वीप के पास स्पीडबोट के पलटने से 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई थी। इस नाव में 32 पर्यटक और चार क्रू मेंबर सवार थे। नाव के पलटने के बाद 21 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया लेकिन 15 लोग डूब गए। वियतनाम की घटना के बाद अब इंडोनेशिया में यह घटना हो गई है।
वियतनाम में हादसे का शिकार हुई स्पीडबोट होन मे रुट द्वीप से एन थोई बंदरगाह जा रही थी, तभी किनारे से 400 मीटर दूर वह पलट गई। उस समय समुद्र में हालात खराब थे। ऐसे में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में राहतकर्मियों को भारी मुश्किल का सामना करना पड़ा और काफी लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद लाशों को निकाला गया।
