बॉक्स ऑफिस पर जहां ‘द ओडिसी’ और ‘स्पाइडर-मैन ब्रांड न्यू डे’ जैसी हॉलीवुड फिल्में गर्दा उड़ा रही हैं, तो वहीं ‘धमाल 4’ भी छाई हुई है। 23वें दिन भी यह ‘स्पाइडर-मैन 4’ के आगे सीना तानकर खड़ी रही। वहीं ‘जन नायकन’, जो डगमगाती दिख रही थी, 10वें दिन संभल गई और कमाई में तगड़ा जंप लगाया।
इस वक्त भारतीय बॉक्स ऑफिस पर हॉलीवुड फिल्मों का जलवा है। जहां 16 दिन पहले रिलीज हुई क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’ छाई हुई है, तो वहीं अब टॉम हॉलैंड स्टारर ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने गर्दा उड़ा रखा है। लेकिन इन दोनों के बीच ‘धमाल 4’ भी अपने कदम जमाए हुए है और 23 दिन बाद भी कमाल कर रही है। ‘स्पाइडर-मैन 4’ और ‘द ओडिसी’ के बावजूद ‘धमाल’ फ्रैंचाइज की इस चौथी फिल्म को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। उधर, थलपति विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ ने भी 10वें दिन गर्दा उड़ा दिया, और 119.7% का जंप लगा दिया।
खास बात यह है कि दो बड़ी हॉलीवुड फिल्मों और लेटेस्ट रिलीज ‘जन नायकन’ के बावजूद अजय देवगन की ‘धमाल 4’ ने 23वें दिन भी 43.5% की बढ़त दिखाई और कमाई से हैरान कर दिया। वहीं, 9वें दिन तक ‘जन नायकन’ की स्थिति डगमगाई लग रही थी, पर 10वें दिन इसने भी खुद को संभाल लिया। ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’, ‘द ओडिसी’, ‘धमाल 4’ और ‘जन नायकन’ का बॉक्स ऑफिस पर कैसा हाल है, किसने कितनी कमाई की और किसे कहां नुकसान हुआ
‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ इंडिया बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
सबसे पहले बात टॉम हॉलैंड की ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ की। मार्वल स्टूडियोज और सोनी पिक्चर्स की इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर ही कमाल कर दिया था। इसने ₹60.60 करोड़ की रिकॉर्ड तोड़ ओपनिंग की थी, और अब तीसरे दिन तो गदर ही मचा दिया। ‘स्पाइडर-मैन’ फ्रैंचाइजी की इस चौथी फिल्म ने तीसरे दिन भारत में 17,703 शोज से ₹70.25 करोड़ की कमाई की और 42.4% ग्रोथ रही। भारत में यह फिल्म 30 जुलाई को रिलीज हुई थी, और अब तक की सबसे बड़ी हॉलीवुड रिलीज बन गई है। जबकि अमेरिका सहित दूसरे देशों में यह फिल्म 31 जुलाई को रिलीज हुई थी।
‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ की भारत में किस भाषा से कितनी हुई कमाई
अन्य भाषाओं से हुई कमाई की बात करें, तो ‘स्पाइडर-मैन 4’ ने सबसे ज्यादा ₹40.60 करोड़ की कमाई इंग्लिश भाषा से की है। हिंदी से इसने ₹23 करोड़, कन्नड़ से ₹7 लाख, मलयालम से ₹8 लाख, तमिल से ₹3.75 करोड़ और तेलुगु से ₹2.75 करोड़ कमाए। अब इसने भारत में सिर्फ 3 दिनों में ही ₹215.47 करोड़ का ग्रॉस और ₹180.20 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है।
पहला दिन, गुरुवार- ₹60.60 करोड़
दूसरा दिन, शुक्रवार- ₹49.35 करोड़
तीसरा दिन, शनिवार- ₹70.25 करोड़
‘धमाल 4’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: 23वें दिन 43.5% बढ़ी कमाई
इंद्र कुमार की ‘धमाल 4’ को बॉक्स ऑफिस पर 22 दिन पूरे हो चुके हैं और 23वें दिन इसने तहलका मचा दिया। जहां 21वें दिन इसने मात्र ₹90 लाख का कलेक्शन किया था, तो वहीं 22वें दिन ₹1.15 करोड़ की कमाई की थी। लेकिन 23वें दिन की कमाई ने तो चौंका ही दिया। ‘धमाल 4’ ने 23वें दिन यानी चौथे शनिवार को 43.5% की ग्रोथ दिखाई और 2,408 शोज से ₹1.65 करोड़ कमा लिए। अब इसका देश में ₹188.62 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन और ₹158.70 करोड़ का नेट कलेक्शन हो गया है। वहीं, वर्ल्डवाइड इसने ₹219.07 करोड़ की ग्रॉस कमाई कर ली है। ‘धमाल’ फ्रैंचाइजी की इस चौथी फिल्म का बजट ₹200 करोड़ है। इसमें अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी और संजय मिश्रा समेत कई कलाकार हैं।
पहला हफ्ता- ₹96.00 करोड़
दूसरा हफ्ता- ₹40.65 करोड़
तीसरा हफ्ता- ₹19.20 करोड़
22वां दिन, शुक्रवार- ₹1.15 करोड़
23वां दिन, शनिवार- ₹1.65 करोड़
‘जन नायकन’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: 10वां दिन
अब बात थलपति विजय के करियर की आखिरी फिल्म रही ‘जन नायकन’ की। इस फिल्म की रिलीज का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। खूब विवाद भी झेल और लीक भी हो गई, पर अब जब थिएटर्स में आई, तो खास कमाल नहीं कर सकी। एच. विनोद के डायरेक्शन बनी इस फिल्म को कुछ खास अच्छे रिव्यूज नहीं मिले हैं, पर थलपति का जलवा ही इसके लिए काम कर रहा है। तभी तो रिलीज के 10वें दिन इसने कमाई में 119.7% का जंप लगाया और हैरान कर दिया। ‘जन नायकन’ ने 9वें दिन 4,165 शोज से ₹3.55 करोड़ कमाए थे, पर 10वें दिन तगड़ी छलांग लगा दी और 4,202 शोज से ₹7.80 करोड़ का कलेक्शन कर लिया। वहीं, हिंदी भाषा से इसने 50 लाख रुपये, तमिल से ₹7.25 करोड़ और तेलुगु से कुल 5 लाख रुपये की कमाई की है। इसके बाद ‘जन नायकन’ का भारत में ₹192.50 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन और ₹164.90 करोड़ का नेट कलेक्शन हो गया है। वहीं, वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई ₹280.50 करोड़ पहुंची है,जबकि फिल्म का बजट ₹300 करोड़ है।
