तिब्बत की यारलुंग त्सांगपो नदी पर 11 साल पहले जंगमू हाइड्रोपावर स्टेशन चालू हुआ था. इसके बाद से चीन इसके बांध से गुजरने वाली मछलियों को ट्रैक कर रहा है- पहले मैनुअली और अब AI से.
अब तक आपने सुना होगा कि इंसानों पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI टेक्नोलॉजी की मदद से निगरानी रखी जा रही है. लेकिन चीन में कहानी इससे आगे बढ़ चुकी है. चीन अब तिब्बत की सबसे बड़ी नदी पर सिर्फ पानी और बिजली की निगरानी नहीं कर रहा, बल्कि यहां तैरने वाली मछलियों को भी AI से स्कैन कर रहा है. बांध के पास बने एक खास रास्ते से गुजरने वाली मछलियों की 24 घंटे निगरानी हो रही है. यहां तो AI सिस्टम इन मछलियों की पहचान ऐसे कर रहा है, जैसे इंसानों का ‘फेशियल रिकग्निशन’ किया जाता है. सवाल है कि ड्रैगन ऐसा क्यों कर रहा है?
चीन तिब्बत में क्या कर रहा है?
साउथ चाइना मॉर्निग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार चीन तिब्बत की सबसे बड़ी नदी पर बने एक बांध के फिशवे से गुजरने वाली मछलियों की प्रजातियों पर 24 घंटे नजर रखने के लिए AI वाले फिश आइडेंटिफिकेशन सिस्टम का इस्तेमाल कर रहा है. इस रिपोर्ट में ‘ग्लोबल टाइम्स’ में छपी एक खबर का हवाला दिया गया है. उसके अनुसार पहले इस रास्ते की निगरानी मैनुअली होती थी यानी कि इंसानों द्वारा. लेकिन वह तरीका बहुत मेहनत वाला होता था. अब तिब्बत की खास प्रजातियों की मछलियों की पहचान करने के लिए AI-आधारित “फिश फेशियल रिकग्निशन” सिस्टम का इस्तेमाल किया जा रहा है.
2015 में यारलुंग त्सांगपो नाम की इस नदी के बीच के हिस्से में 116 मीटर ऊंचा जंगमू हाइड्रोपावर स्टेशन चालू हुआ था. इसमें मछलियों के आने जाने के लिए एक रास्त- फिशवे बनाया गया था. इसे फिश लैडर भी कहा जाता है. इस फिशवे ने लगभग 5,70,000 दुर्लभ मछलियों को नदी के बहाव की उल्टी दिशा में तैरने में मदद की है. इस AI स्कैन से यह ट्रैक किया जाता है कि किन किन प्रजातियों की मछली उलटी दिशा में जा रही हैं.
