केतन अग्रवाल हत्याकांड में गिरफ्तार सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल से पुलिस ने करीब 12 घंटे तक पूछताछ की. इसके बाद उन्होंने आजतक से खास बातचीत में कई दावे किए. उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी बेटी और सह-आरोपी चेतन चौधरी के रिश्ते की कोई जानकारी नहीं थी.
पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है. हत्या के आरोप में गिरफ्तार सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल ने पहली बार खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने दावा किया कि उन्हें अपनी बेटी सिया और उसके कथित प्रेमी तथा सह-आरोपी चेतन चौधरी के रिश्ते की कोई जानकारी नहीं थी. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें पहले इस संबंध के बारे में पता होता तो वह सिया और केतन की शादी के फैसले पर दोबारा विचार करते.
पुणे पुलिस द्वारा करीब 12 घंटे तक पूछताछ किए जाने के बाद प्रवीण गोयल ने आजतक से बातचीत में कहा, ‘अगर मुझे जरा भी भनक होती कि मेरी बेटी किसी और के साथ रिश्ते में है, तो मैं जरूर कदम उठाता. मैं संबंधित लोगों से बात करता और संभव है कि इस शादी को लेकर दोबारा सोचता. लेकिन मुझे ऐसी बात की एक प्रतिशत भी जानकारी नहीं थी.’
प्रवीण गोयल ने उन अटकलों को भी खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि दोनों परिवारों के बीच एक और वैवाहिक रिश्ता तय करने की चर्चा चल रही थी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके परिवार में ऐसी कोई परंपरा या चर्चा कभी नहीं हुई.