सलमान खान यारों के यार हैं और इसमें कोई शक नहीं है। एक बार फिर भाईजान ने कुछ ऐसा किया है, जो दिल जीतने वाला है। खबर है कि एक्टर ने दोस्त रफी काज़ी के कारण नयनतारा के साथ अपनी फिल्म ‘SVC63’ की फीस 50 करोड़ रुपये तक कम कर दी है। यह फिल्म अगले साल ईद 2027 में रिलीज होगी।
बॉलीवुड सुपरस्टार और बॉक्स ऑफिस के लिए ATM मशीन, सलमान खान इंडस्ट्री के सबसे महंगे एक्टर्स में शुमार हैं। बीते कुछ साल से वह अमूमन एक फिल्म के लिए कथित तौर पर ₹120 करोड़ की फीस वसूलते हैं। इसके अलावा फिल्म से होने वाले मुनाफा में हिस्सा अलग। यह वाजिब भी है, क्योंकि 2010 में ‘दबंग’ से लेकर पिछली रिलीज ‘सिकंदर’ तक, उनकी लगातार 18 फिल्में ₹100 करोड़, ₹200 करोड़ और ₹300 करोड़ क्लब में हैं। लेकिन अब खबर है कि भाईजान ने नयनतारा के साथ अपनी अगली एक्शन फिल्म ‘SVC 63’ के लिए फीस में भारी कटौती कर दी है। बताया जा रहा है कि एक करीबी दोस्त के कारण उन्होंने फिल्म के लिए अपनी फीस ₹50 करोड़ कम कर दी है।
सलमान खान इन दिनों दिल राजू के प्रोडक्शन में बन रही डायरेक्टर वामशी पैदिपल्ली की फिल्म SVC 63 की शूटिंग में बिजी हैं। यह फिल्म अगले साल ईद 2027 के मौके पर रिलीज होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान इस फिल्म लिए सिर्फ ₹70 करोड़ फीस ले रहे हैं।
दोस्त रफी काज़ी के कारण सलमान ने कम कर दी फीस!
इंडस्ट्री के एक जानकार और फिल्म से जुड़े लोगों के हवाले से ‘फ्री प्रेस जर्नल’ की रिपोर्ट में इस बाबत दावा किया गया है। इसमें कहा गया है कि यह फैसला सलमान की रफी काज़ी के साथ दोस्ती की वजह से लिया गया है। रफी ने ही इस प्रोजेक्ट में काम करने के लिए सलमान खान को मनाया था। वह दिल राजू के साथ इस फिल्म के को-प्रोड्यूसर भी हैं। रिपोर्ट में कहा गया है, ‘सलमान, जिनकी मार्केट वैल्यू पिछले लगभग 20 साल से हर फिल्म के लिए 120 करोड़ रुपये से ज्यादा रही है, उन्होंने ‘SVC 63′ के मेकर्स को यह डिस्काउंट इसलिए दिया है, क्योंकि उनके पुराने दोस्त रफी काज़ी इस प्रोजेक्ट में मध्यस्थ हैं। फिल्म के प्रोड्यूसर्स में रफी का नाम भी शामिल होगा। इसी दोस्ती की वजह से SK अपनी फीस में बड़ी कटौती करने को तैयार हुए हैं।’
फीस कम कर, बैकएंड डील की संभावना
हालांकि, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि सलमान के कॉन्ट्रैक्ट में फिल्म के मुनाफे में हिस्सेदारी शामिल है या नहीं। बहुत संभव है कि उन्होंने अपनी मूल फीस करने के लिए कोई बैकएंड डील की हो, लेकिन अभी इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।
बीते 16 साल में अधिकतर फिल्मों में परिवार के लोग, या खुद बने प्रोड्यूसर
सलमान खान एकलौते ऐसे एक्टर हैं, जो साल 2010 के बाद से लगातार 100, 200 और 300 करोड़ क्लब में 18 फिल्में दे चुके हैं। बीते कुछ साल में सलमान ने आमतौर पर फिल्मों के लिए ऐसी डील्स को प्राथमिकता दी है, जिनमें मुनाफे में हिस्सेदारी शामिल हो। एक और बात यह है कि ‘दबंग’ (2010) के बाद से उनकी ज्यादातर फिल्में या तो उनके परिवार ने प्रोड्यूस की हैं या उनके बैनर ‘सलमान खान फिल्म्स’ (SKF) के तहत बनी हैं। ‘दबंग’ भी उनके भाई अरबाज खान ने ही प्रोड्यूस की थी, जबकि ‘बॉडीगार्ड’ को उनकी बहन अलवीरा खान अग्निहोत्री ने सपोर्ट किया था।
सिर्फ फीस नहीं, राइट्स से कमाई में हिस्सेदारी भी लेते हैं सलमान
वक्त के साथ फिल्मों में काम करने के लिए एक्टर्स को मिलने वाले पैसों का तरीका बदला है। यह अब सिर्फ फीस तक सीमित नहीं है। सलमान खान की ही बात करें तो उन्होंने बीते कुछ साल में कई दूसरे प्रोड्यूसर्स के साथ कम फीस में काम किया, लेकिन साथ में फिल्म के राइट्स में हिस्सेदारी रखी। इनमें OTT और सैटेलाइट राइट्स से होने वाली कमाई में हिस्सा शामिल रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अकेले इन राइट्स की कीमत अक्सर ₹120 करोड़ से ₹140 करोड़ के बीच रही है।
