भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार, 31 जुलाई को सपाट शुरुआत हुई। दोनों प्रमुख सूचकांक निफ्टी और सेंसेक्स हरे निशान पर खुले। निफ्टी 50 39.85 अंक या 0.16% बढ़कर 24,357 पर खुला, जबकि बीएसई सेंसेक्स 94.10 अंक या 0.12% बढ़कर 78,022.25 पर खुला। बाजार में ये तेजी बजाज फाइनेंस में जबरदस्त उछाल, विदेशी फंड आने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के चलते देखी गई।
समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, शुरुआती कारोबार के दौरान IT शेयरों में मुनाफावसूली (प्रॉफिट-टेकिंग) ने बाजार की तेजी को कुछ हद तक सीमित कर दिया।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों का हाल
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में बजाज फाइनेंस के शेयरों में 6% से ज्यादा की उछाल आई। कंपनी ने गुरुवार को बताया था कि जून तिमाही (FY27) में उसका कंसोलिडेटेड प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) सालाना आधार पर 28% बढ़कर 6,081 करोड़ रुपये हो गया है। इसकी वजह कोर इनकम में बढ़ोतरी और एसेट क्वालिटी में सुधार थी।
बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, मारुति, इंटरग्लोब एविएशन, अडानी पोर्ट्स और सन फार्मा भी बढ़त बनाने वाली कंपनियों में शामिल थे।
इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, HCL टेक, टेक महिंद्रा, ITC और HDFC बैंक गिरावट वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे।
एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने गुरुवार को 3,623.51 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.98% गिरकर 88.16 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
एशियाई बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया के KOSPI में जबरदस्त वापसी हुई और यह 14.28% उछल गया। जापान का निक्केई 225 इंडेक्स और शंघाई का SSE कंपोजिट इंडेक्स भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था।
गुरुवार को सेंसेक्स 273.55 अंक या 0.35% की बढ़त के साथ 77,928.15 पर बंद हुआ था। निफ्टी 66.95 अंक या 0.28 प्रतिशत बढ़कर 24,317.15 पर बंद हुआ।
